नारनौल। शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नगर परिषद ने दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी किए हैं। इन दोनों परियोजनाओं पर करीब 1.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें वार्ड-27 में छोटे-बड़े तालाब से छलक नाले तक नाला निर्माण तथा जलमहल से ताजीपुर सीमा तक सड़क निर्माण का कार्य शामिल है।
पहली परियोजना के तहत वार्ड-27 में छोटे-बड़े तालाब से छलक नाले तक नाला बनाया जाएगा। इस कार्य की अनुमानित लागत 42.37 लाख रुपये निर्धारित की गई है। नाला निर्माण से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
वहीं दूसरी परियोजना के तहत जलमहल से ताजीपुर सीमा तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क निर्माण कार्य पर 60.61 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़क बनने से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का यातायात भी सुगम होगा।