फोटो नंबर-02एनएसएस कैंप के दौरान सड़क सुरक्षा की शपथ लेते स्वयं सेवक। स्रोत: विभाग
- फोटो : 1
नारनौल। कुलताजपुर रोड स्थित डीएवी स्कूल में आयोजित जिलास्तरीय एनएसएस शिविर में सोमवार को विभिन्न जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अमरजीत सिंह ने कहा कि ट्रैफिक नियमों की जानकारी के अभाव में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय कभी भी नशा नहीं करना चाहिए तथा मोबाइल फोन का प्रयोग भी नहीं करना चाहिए। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए गोल्डन आवर की महत्ता बताते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद का पहला घंटा घायल के जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। समय पर उपचार मिलने से व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम अधिकारी धर्म सिंह ने कहा कि जल बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाने और जल संकट से निपटने के लिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। प्रातःकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम अधिकारी राजेश बालवान ने प्रेरक गीतों के माध्यम से युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। वहीं कप्तान सिंह व राजेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय एकता पर अपने विचार रखे। स्वयंसेवक पल्लवी, प्रियंका, पायल, योगिता, मानवी व मुस्कान सहित अन्य छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
जिला एनएसएस समन्वयक चरण सिंह ने स्वयंसेवकों को एनएसएस गतिविधियों की जानकारी दी। मंच संचालन विजय पारीक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ व अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।