महेंद्रगढ़। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सत्यवीर झूकीया ने डीजल, पेट्रोल और गैस की बढ़ती कीमतों पर कहा कि देश का आम आदमी महंगाई के बोझ तले जीवन जीने को मजबूर है। 15 दिनों में बार-बार डीजल, पेट्रोल और सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी कर केंद्र सरकार ने जनता की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देशवासियों को अच्छे दिनों का सपना दिखाकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी थी। 12 वर्षों के कार्यकाल में सरकार महंगाई, बेरोजगारी और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विफल साबित हुई है।
रूस और ईरान जैसे देश भारत को सस्ते दामों पर तेल और गैस देने की बात कर रहे हैं लेकिन भारत सरकार उसे लेने से इनकार कर रही है, जिसका सीधा असर देश की आम जनता पर पड़ रहा है। साल में लाखों बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का सपना दिखाकर सत्ता हासिल करने वाली केंद्र सरकार बताएं कि उनकी 12 वर्ष के कार्यकाल में कितने बेरोजगार युवाओं को देश में रोजगार मिला।
हरियाणा में में बाहरी राज्यों के लोगों को हर श्रेणी में नौकरियां दी जा रही हैं, जिसका सीधा असर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं पर पड़ रहा है। युवाओं को रोजगार से वंचित करना उनके साथ सीधा अन्याय है। प्रदेश सरकार स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है, जिससे बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर पूरे प्रदेश में व्यापक अभियान चलाएगी और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी।