नारनौल। राजस्थान रोडवेज के परिचालक व महिला पुलिस कर्मी के बीच किराये को लेकर शुरू हुआ विवाद शांत हो गया। इस मामले में जहां शनिवार को हरियाणा पुलिस ने राजस्थान रोडवेज बसों के चालान किए तो रविवार को राजस्थान पुलिस ने हरियाणा रोडवेज बसों के चालान काट दिए।
कार्रवाई के बाद सोमवार को नारनौल डिपो से चलने वाली लीज बसों के चालकों ने राजस्थान में जाने से मना कर दिया। हालांकि दोपहर बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद लीज की बसे भी जयपुर सहित अन्य रूटों पर शुरू हो गई। राजस्थान पुलिस ने नारनौल डिपो की 2 लीज की और दो रोडवेज बसों को जब्त कर दिया था। इसके डर से लीज बस चालक जाने से डर रहे थे।
नारनौल डिपो से कर्मचारी नेता अनिल भीलवाड़ा ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी द्वारा टिकट नहीं लेने के कारण दो राज्य की पुलिस कर्मियों द्वारा एक दूसरे राज्य की परिवहन विभाग की गाड़ियों का चालान काट दिए। इस पर उन्होंने भी इस मामले को अवगत करवाने के लिए प्रशासन को लिखित में पत्र भेजा। क्योंकि सबसे ज्यादा चालान नारनौल डिपो की गाड़ियां का हुआ था। इस पत्र को कर्मचारियों ने भी एक्स (पहले ट्विटर) के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, परिवहन मंत्री अनिल विज, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल को अवगत कराया। इसके कारण मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया और इसका समाधान भी हुआ।
मामला सुलझने के बाद रोडवेज बसों का चालान नहीं किया गया। सुबह लीज बसों के चालक जरूर जाने से डर रहे थे, लेकिन मामला सुलझने के बाद लीज की बस भी जानी शुरू हो गई थी। सोमवार को बसों का चालान नहीं किया गया।
ब्रह्म प्रकाश, सीआई डिपो नारनौल।