नारनौल। बीपीएल परिवारों को हर महीने दिए जाने वाला राशन इस बार अप्रैल महीने के अंत तक डिपो होल्डर के पास नहीं पहुंचा है। राशन में देरी होने के कारण लोग रोज राशन डिपो के चक्कर लगा रहे हैं। फिलहाल कुछ राशन डिपो पर बाजरा बचा हुआ।
गेहूं का स्टॉक वितरित किया जा रहा है। जबकि विभाग दावा कर रहा है कि मंगलवार तक सभी डिपो पर तेल व चीनी भी पहुंचा कर वितरित करवा दिया जाएगा। परंतु गेहूं के लिए अभी बीपीएल परिवारों को और इंतजार करना पड़ेगा। इस बार सामान देरी से पहुंचने का कारण प्रदेश भर में काॅन्फेड के माध्यम से पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम का ठेका खत्म होना माना जा रहा है। पूरे प्रदेश में पीडीएस के माध्यम से यह राशन सप्लाई किया जाता है जिसका ठेका मार्च में खत्म हो जाने के कारण परेशानी बढ़ गई। फिलहाल खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में चीनी व तेल रखा है, परंतु यह अभी राशन डिपो पर नहीं पहुंचा। अगर यह मंगलवार को पहुंचता है तो केवल एक ही दिन शेष रहेगा। ऐसे में सभी उपभोक्ताओं को यह वितरित करना भी मुश्किल है। बीपीएल कार्ड धारकों ने इसकी समय अवधी बढ़ाने व गेहूं भी जल्द डिपो तक पहुंचने की मांग उठाई।
बीपीएल परिवारों को गेहूं, तेल व चीनी का इंतजार-
राशन डिपो पर इस समय बीपीएल परिवारों को गेहूं, तेल व चीनी का ही इंतजार है। क्योंकि इस मौसम डिपो पर बाजरा दिया जा रहा है जिसकी आवश्यकता कम होती है। वहीं हर महीने सबसे ज्यादा जरूरत भी चीनी, तेल व गेहूं की होती है जो अभी तक डिपो पर नहीं पहुंचे। ऐसे में बीपीएल परिवारों का इस महीने आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है, क्योंकि यह सामान उन्हें बाहर से खरीदना पड़ रहा है। वहीं अगर इस महीने देरी हो जाने के कारण समय अवधी नहीं बढ़ाई गई तो कई परिवारों का अप्रैल महीने का कोटा ही खत्म हो जाएगा। क्योंकि सामान डिपो पर आने के बाद एक ही दिन में सभी धारकों को वितरण करना बड़ा मुश्किल रहेगा।
बाक्स-
हमें सबसे ज्यादा जरूरत तो तेल, चीनी व गेहूं की है जो अभी तक राशन डिपो पर नहीं आए। इसके लिए इस महीने कई बार डिपो के चक्कर लगा चुका हूं। प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द से जल्द सामान डिपो तक सप्लाई करवाए जिससे लोगों को राहत मिल सके।
नरेंद्र कुमार।
बाक्स-
हमें इस महीने राशन डिपो पर बाजरा ही दिया जा रहा है, जबकि जरूरत तो तेल, चीनी व गेहूं की है। अब यह महीना भी खत्म होने वाला है अगर यह सामान नहीं आया तो इस महीने का तो कोटा ही खत्म हो जाएगा। इसके लिए सरकार को समय अवधी बढ़ानी चाहिए।
कांति सैनी।
वर्जन-
इस बार राशन पहुंचने में देरी इसलिए हुई क्योंकि मार्च माह में काॅन्फेड के पीडीएस का टेंडर समाप्त हो गया था। जिसके कारण पूरे प्रदेश में सामान देरी से पहुंचा। अब चीनी व तेल सभी राशन डिपो तक पहुंचाया जा रहा है। लोगों को यह वितरण हो इसके लिए गांवों में सरपंचों व पार्षदों को समाचार पहुंचा दिया है जिससे वे लोगों को बता दे। वहीं गेहूं को लेकर प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार के बीच पत्राचार हो चुका है इसके भी जल्द ही आने की संभावना है।
अरुण सैनी, सहायक खाद्य एवं वितरण अधिकारी