राम और राव दक्षिणी हरियाणा की राजनीति में धुरंधर माने जाते हैं। दोनों का दक्षिणी हरियाणा की करीब 10 विधानसभा सीटों पर प्रभाव है। हालांकि पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश में भाजपा को पौधे से वटवृक्ष बनाने वाले प्रो. रामबिलास शर्मा को महेंद्रगढ़ सीट से टिकट न देकर ठिकाने लगा दिया। रामबिलास को टिकट दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने पार्टी पर खूब दबाव बनाया था।
अटेली विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरीं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव को जिताने के लिए प्रो. शर्मा व राव दोनों खूब मंच साझा कर रहे हैं। दोनों के प्रभाव के कारण तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन वापस ले लिया है। एक निर्दलीय ने आरती के समर्थन की घोषणा भी की। लेकिन, दो ने पत्ते नहीं खोले। हालांकि, अंदर खाते से कमल खिलाने में मदद का भी आश्वासन दिया है।
राव इंद्रजीत सिंह कई बार सार्वजनिक मंचों से मुख्यमंत्री की दावेदारी जता चुके हैं। लोकसभा चुनावों में भी उन्होंने कहा था कि हरियाणा में सरकार बनाने का रास्ता दक्षिणी हरियाणा से जाता है। बीते दिनों एक कार्यक्रम में राव ने कहा था 12 साल में तो कुरड़ी का भी समय आ जाता है। उनका इशारा इस बार उन्हें मौका मिलने से था।