फतेहाबाद लघु सचिवालय स्थित कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों की हाजिरी से लेकर किसानों को की जाने वाले योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी ली गई। टीम ने कृषि उप निदेशक डॉ. राजेश सिहाग से भी पूछताछ की।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के एएसआई सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम सुबह 10 बजे के बाद कृषि विभाग के कार्यालय में पहुंची। उनके साथ सीआईडी के कर्मचारी भी रहे। कर्मचारियों व अधिकारियों की पहले हाजिरी जांची गई। उसके बाद योजनाओं का किसानों को दिए गए लाभ के बारे में पड़ताल की। दोपहर 12.30 बजे बाद भी टीम जांच में जुटी हुई थी।
झज्जर में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। टीम ने सबसे पहले अधिकारियों और कर्मचारियों की हाजिरी चेक की। उसके बाद किसानों को मिलने वाली योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। टीम ने कृषि उप निदेशक डॉ. जितेंदर अहलावत से भी पूछताछ की। इसका नेतृत्व उपनिरीक्षक रामनिवास ने किया। टीम सुबह 11 बजे कृषि विभाग के कार्यालय में पहुंची। सबसे पहले कर्मचारियों व अधिकारियों की हाजिरी जांची गई। उसके बाद योजनाओं का किसानों को दिए गए लाभ के बारे में पड़ताल की। फिलहाल टीम कार्यालय में जानकारी ले रही थी।
कुरुक्षेत्र में कृषि एवं कल्याण विभाग में आज सुबह सीएम फ्लाइंग की टीम ने दबिश दी। इस औचक निरीक्षण से विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। टीम ने विभाग का हाजिरी रजिस्टर और किसानों को सरकार की ओर से मिलने वाली योजनाओं का रिकॉर्ड खंगाला।
सुबह करीब 10 बजे सीएम फ्लाइंग टीम ने विभाग में दस्तक दी। टीम ने आते ही कार्यालय में हाजिरी रजिस्टर जांचा। जो कर्मचारी अपनी सीटों पर नहीं थे, वह तुरंत अपनी-अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। अभी टीम विभाग के रिकॉर्ड को जांच रही है। बताते चलें कि 12 जुलाई को टीम ने बिजली के पिपली और कुरुक्षेत्र कार्यालय का निरीक्षण किया था। उससे पहले एलएनजेपी अस्पताल में एम्बुलेंस और उससे संबंधित रिकॉर्ड खंगाला था। हालांकि टीम में शामिल अधिकारी इसे रूटीन जांच बता रहे हैं।
अंबाला सिटी में कृषि विभाग उपनिदेशक कार्यालय में सीएम फ्लाइंग ने निरीक्षण किया। सीएम फ्लाइंग की टीम सुबह कार्यालय में पहुंची तो कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सीएम फ्लाइंग टीम में सब इंस्पेक्टर हितेंद्र गौतम, एएसआई सुखविंदर सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर निगम से राजकुमार की देखरेख में चली। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक भी निरीक्षण जारी था। टीम ने विभाग में विभिन्न योजनाओं से जुड़ा रिकॉर्ड और कर्मचारियों से जुड़ा रिकॉर्ड चेक किया। इसके साथ ही विभाग की क्या योजनाएं हैं और किन-किन लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिला है, उनका भी रिकॉर्ड लिया जा रहा था।