नारनौल। क्षेत्र में वीरवार को तेज अंधड़ के साथ झमाझम बारिश हुई। वहीं नारनौल शहर तथा आसपास के क्षेत्र में ओले भी पड़े। दोपहर बाद करीब तीन बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर शाम तक चला। दूसरी ओर अंधड़ व बारिश से कई जगह पेड़ टूट कर गिर गए। लघु सचिवालय की छत पर लगा टावर भी गिर गया। बारिश से मौसम भी सुहाना हो गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। नारनौल में दिनभर 26 एमएम बारिश दर्ज की गई। आंधी और बारिश के बाद शहर की बिजली गुल हो गई। जो देर शाम तक नहीं आई।
क्षेत्र में दो तीन दिन से अंधड़ व धूल भरी आंधी चल रही थी। वीरवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे काली घटाएं आसमान में छा गई। जिसके बाद पहले तेज अंधड़ आया। इसके बाद तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। बारिश का यह दौर दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से शाम को सात बजे तक चलता रहा। इस दौरान कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हुई। वीरवार को शाम छह बजे तक नारनौल शहर में 26 एमएम बारिश दर्ज की गई।
- अनेक जगह गिरे पेड़
वीरवार को हुई झमाझम बारिश के बाद अनेक जगहों पर पेड़ गिर गए। गनीमत यह रही कि जिस समय पेड़ व टावर गिरे, उस समय उनके नीचे से कोई नहीं था। सिंघाना रोड पर एक पेड़ इनोवा गाड़ी पर गिर गया। वहीं पुलिस लाइन में भी एक पेड़ गिर गया। जिससे बिजली की लाइनों में फाल्ट आ गया।
- लघु सचिवालय का टावर भी गिरा
लघु सचिवालय की पुरानी बिल्डिंग पर लगा एक मोबाइल का टावर भी वीरवार को आये तेज अंधड़ के कारण गिर गया। यह टावर छत से लटककर नीचे पहली मंजिल तक आ गया। जिससे बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है।
- कई जगह भर गया पानी, लोगों को हुई परेशानी
वीरवार को हुई बारिश के बाद अनेक जगह पर पानी भर गया। जिससे लोगों को परेशानी हुई। शहर के सैन चौक, शनि मंदिर के पास, नई सराय, जमालपुर, मोहल्ला खड़खड़ी व पुरानी मंडी सहित अनेक स्थानों पर जलभराव हो गया।
- किसानों को होगा फायदा
इस बारिश से किसानों को काफी फायदा होगा। किसान हरिप्रकाश, छोटेलाल, महावीर सिंह, जयनारायण आदि ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए सोना है। इससे वे अभी बाजरा बो देंगे। जो जल्द ही पककर तैयार हो जाएगा। इससे क्षेत्र में पशुओं के लिए हरा चारा भी होगा।