हरियाणा के नारनौल में सुबह की शुरूआत बारिश के साथ हुई। बारिश होने से अनेक मोहल्लों व गलियों में जलभराव के हालात बन गए। वहीं कुछेक स्थानों पर दो-दो फीट तक पानी जमा हो गया है। जिससे पैदल राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसा ही कुछ दृश्य नारनौल की पार्क गली में दिखाई दिया, जहां बारिश के बाद भी पानी भरा है।
जिसकी वजह से दुकानों में कोई ग्राहक सामान लेने नहीं आ रहा है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे तक नारनौल में 55 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं नांगल चौधरी और निजामपुर में 24 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं अटेली में बूंदाबांदी देखने को मिली।
डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि इस साल अभी तक मानसून में सक्रियता और तारतम्यता देखने को नहीं मिली है। एक जून से 15 जुलाई तक प्रदेश में केवल मानसून बारिश 80.2 मिलीमीटर दर्ज की गई हैं। जबकि इस दौरान संपूर्ण राज्य में 123.3 मिलीमीटर सामान्य बारिश दर्ज की जाती है। जो सामान्य से 35 प्रतिशत कम दर्ज की गई हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, नूंह और सिरसा में ही सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई हैं। जबकि 18 जिलों में सामान्य से नीचे बारिश दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि 17 और 22 जुलाई को पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होंगे। जिसकी वजह से 17 से 25 जुलाई के मध्य बारिश होने की प्रबल संभावना बन रही है।