मंडी अटेली। अंडरपास निर्माण कार्य को पूरा करने की मांग को लेकर रविवार को धरना 353वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता समिति संचालक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद खरब ने की तथा संचालन हनुमान शर्मा ने की।
खरब ने बताया कि अंडरपास निर्माण की मांग को जन-जन तक ले जाने के लिए समिति संचालक 25 नवंबर को गांव तोबड़ा से मशाल लेकर धरनास्थल पहुंचेंगे। जन जाग्रति की प्रतीक मशाल को लेकर मशाल यात्रा को गांव गांव में लेकर जाएंगे और रेलवे प्रशासन को जगाने का काम किया जाएगा।
अंडरपास के नहीं होने से लोगों को चार चार लाइन पार करके जाना पड़ता है, जिसमें स्कूली बच्चे, आसपास बसे कालोनी निवासी व ग्रामीणों तथा तोबडा़ के लोगों को आवागमन की भारी परेशानी होती है। खरब ने कहा कि रेलवे की लेटलतीफी लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है। ग्रामीण आए दिन हादसों का शिकार होकर नौनिहालों सहित अपना अनमोल जीवन गंवा रहे हैं। धरने पर हनुमान शर्मा, बिजेंद्र चेयरमैन आदि उपस्थित थे।