नारनौल। सिंघाना रोड स्थित सर्कल कार्यालय में डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के सदस्यों ने लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और अधीक्षक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। संगठन के सर्कल प्रधान सत्यपाल ने कहा यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो एसोसिएशन कड़े कदम उठाने को मजबूर होगी।
उन्होंने बताया कि कनिष्ठ अभियंताओं के शॉर्टेज नोटिस की 50 प्रतिशत राशि तो माफ कर दी गई, लेकिन बाकी 50 प्रतिशत की प्रक्रिया पिछले चार महीनों से चीफ इंजीनियर कार्यालय में लंबित है। इसके अलावा 7 दिन में जले ट्रांसफार्मर जमा करने पर भी नोटिस जारी किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।
इंजीनियरों ने केबल, नट-बोल्ट व अन्य सामग्री समय पर उपलब्ध न होने की समस्या भी उठाई, जिससे कनेक्शन समय पर नहीं हो पाते और जेई पर जुर्माना लगता है। उन्होंने वेतन पर्ची, एसीपी केस और अनुशासनात्मक मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग की। इस दौरान कई कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।