नारनौल। हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने अधीक्षक अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग परिमंडल नारनौल के कार्यालय पर वीरवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन के दो पदाधिकारियों का निलंबन किए जाने पर रोष जताया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रांतीय प्रधान विश्वनाथ शर्मा ने की। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए प्रांतीय प्रधान विश्वनाथ शर्मा और प्रांतीय महासचिव नरेंद्र धीमान ने कहा कि प्रमुख अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। संगठन ने कई बार पत्राचार किया। प्रमुख अभियंता ने बातचीत के लिए 13 अप्रैल की तिथि तय की लेकिन यूनियन का शिष्टमंडल पहुंचा तो उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के बैठक को रद्द कर दिया। यूनियन शिष्टमंडल ने अपनी नाराजगी जताई तो यूनियन के राज्य प्रधान विश्वनाथ शर्मा और राज्य महासचिव नरेंद्र धीमान को निलंबित कर दिया। इसको लेकर कर्मचारियों में आक्रोशित है। यूनियन ने 18 मई को प्रमुख अभियंता कार्यालय का घेराव करने का नोटिस दिया तो प्रमुख अभियंता ने फिर 22 अप्रैल को यूनियन के 5 पदाधिकारियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिया। संगठन की उच्च अधिकार प्राप्त कमेटी के निर्णय अनुसार अधीक्षक अभियंता परिमंडल नारनौल के माध्यम से प्रमुख अभियंता की कार्यशैली के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया।
इसमें टर्म अपवैनटी, जॉब वर्क, पंचायती राज सहित सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, जनवरी 2018 में भर्ती हुए डब्लूपीओ सहित तृतीय श्रेणी के पद पर काम करने वाले कर्मचारियों को 25500 रुपये का वेतनमान देने, टर्म अपवैनटी कर्मचारियों को कौशल रोजगार निगम के पोर्टल पर न चढ़ाने, खाली पड़े पदों पर नियमित भर्ती करने, रिस्क के पदों पर काम करने वाले कर्मचारियों को रिस्क एलाउंस देने, कैशलेस मेडिकल सुविधा देने और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की गई है।
इस अवसर पर पूर्व प्रांतीय संगठनकर्ता महेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव, कश्मीरी लाल शर्मा, सुभाष यादव, राजेंद्र कामरेड, दीपक शांडिलय, रमेश शर्मा, महाराम यादव, सुरेंद्र यादव, कृष्ण पूनिया, दरयिाव सिंह, मनोज शर्मा, भवानी शर्मा, पवन जांगड़ा, रविंद्र यादव उपस्थित रहे।