फोटो नंबर-04पीजी कॉलेज में निरीक्षण करने पहुंची विश्वविद्यालय की टीम। स्रोत: संस्थान
नारनौल। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर की निरीक्षण समिति ने शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय का दौरा किया। समिति ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एमएससी भौतिक विज्ञान की 40 सीटें शुरू करने और बीएससी फिजिकल साइंस में इलेक्ट्रॉनिक्स विषय की 40 अतिरिक्त सीटों के संचालन के लिए प्रोविजनल संबद्धता से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
समिति में रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि पुंडीर संयोजक व भौतिक विज्ञान के डॉ. सुनील कुमार और गणित विभाग के डॉ. महावीर बराक सदस्य रहे। समिति ने कॉलेज की प्रयोगशालाओं, शैक्षणिक सुविधाओं, भवन, शिक्षकों की उपलब्धता और अन्य जरूरी संसाधनों का जायजा लिया। आवश्यक दस्तावेज भी जांचे गए।
कॉलेज प्रशासन ने समिति को नए पाठ्यक्रमों के संचालन की तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार और भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष विशाल कुमार सहित शिक्षकों ने समिति का स्वागत किया।
प्रशासन एवं काउंसिल सदस्यों ने कहा कि इन पाठ्यक्रमों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ शोध और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। एमएससी भौतिक विज्ञान तथा इलेक्ट्रॉनिक्स विषय शुरू होने से कॉलेज में विज्ञान शिक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।