फोटो नंबर-13गुरू नानकदेव जी के प्रकाशोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा की अगुवाई करते पंज प्यारे।
नारनौल। सिख समाज द्वारा पहली पातशाही धन धन श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार शाम नगर कीर्तन और शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा पुरानी कचहरी गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर पुल बाजार, मानक चौक और आजाद चौक से होती हुई गुरुनानकपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में संपन्न हुई। शोभायात्रा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की रहनुमाई में निकाली गई, जिसकी अगुवाई पंज प्यारे कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान शोभायात्रा में शामिल गतका पार्टी ने अपने पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिन्हें देखने के लिए मार्गों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
महिलाएं शोभायात्रा के आगे-आगे झाड़ू लगाकर और पानी छिड़क कर सफाई करती नजर आईं। ढोल और बैंडबाजों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। सचिव सुरजीत सिंह अरोड़ा ने बताया कि बुधवार को मोहल्ला गुरुनानकपुरा स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा में शब्द कीर्तन और लंगर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन सच्चाई, सेवा और मानवता के आदर्शों का प्रतीक है।
इस अवसर पर सरदार तेजिंदर सिंह, सरदार गुरमेल सिंह, सरदार बलदेव चहल, सरदार जगमोहन सिंह चावला और सरदार मोहन सिंह चहल सहित सिख समाज के अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। इसी क्रम में गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव को लेकर आरपीएस स्कूल और मदर प्राइड स्कूल में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों ने भक्ति गीतों और कविताओं के माध्यम से गुरु नानक देव जी के उपदेशों का संदेश दिया।