कोसली। विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर कोसली सामान्य अस्पताल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोगों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एसएमओ डॉ. विक्रम ने कहा कि मच्छरों के कारण मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियां हो सकती हैं। बरसात के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है, इसलिए विशेष सावधानी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि घरों की छत, खुले बर्तनों, कूलर, पानी की टंकी, फ्रिज और एसी में पानी जमा न होने दें तथा इनकी नियमित सफाई करें। घरों और दुकानों के आसपास जलभराव भी न होने दें। उन्होंने बताया कि गांवों के जोहड़ों में गंबूजिया मछली छोड़ी जा सकती है, जो मच्छरों के लार्वा को खाती है। नालियों में आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवाओं का प्रयोग करने की सलाह भी दी गई।