फोटो संख्या:60 मंडी में सब्जी बेचते हुए दुकानदार। संवाद
महेंद्रगढ़। गर्मी ने जनजीवन के साथ सब्जी कारोबार को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। जिले में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। इससे खासकर पत्तेदार सब्जियों को सुरक्षित रखना व्यापारियों और दुकानदारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
सब्जी मंडी के दुकानदार रामनिवास सैनी, महेंद्र गोस्वामी, प्रवीण सैनी, रवि सैनी, धर्मेंद्र ने बताया कि सुबह पत्तेदार सब्जियों ताजा आती है लेकिन गर्मी के कारण मूली, गाजर, धनिया पालक, गंवार की फली खराब हो रही है।
स्थिति यह है कि इन सब्जियों में 50 प्रतिशत से अधिक तक का नुकसान हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि खेतों से मंडी तक पहुंचने के दौरान ही इनकी ताजगी खत्म होने लगती है और दुकानों तक आते-आते आधा माल खराब हो जाता है।
बढ़ते तापमान के कारण पत्तेदार सब्जियों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना संभव नहीं हो पा रहा है। पहले जहां ये सब्जियां एक-दो दिन तक आसानी से बिक जाती थी, वहीं अब कुछ ही घंटों में मुरझाने लगती हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
दुकानदार भी ग्राहकों की मांग को देखते हुए धनिया और पालक रखना बंद नहीं कर पा रहे हैं। दुकानदार सब्जियों में पानी का छिड़काव करते है जिसके कारण सब्जियों में हल्की नमी रहती है। बढ़ती गर्मी ने पत्तेदार सब्जियों के कारोबार को प्रभावित कर दिया है।