-फोटो 70 : सिविल अस्पताल के नजदीक गड्ढों को भरने का कार्य करते कर्मचारी। संवाद
बहादुरगढ़। अगस्त में हो रही बारिश से शहर की कई सड़कें बदतर हो गई थी। बुधवार के अंक में अमर उजाला ने सड़क पर चलना मुश्किल, गड्ढों में पलट रहे वाहन शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी हरकत में आए और दिल्ली-रोहतक रोड पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया।
इससे वाहन चालकों और शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। दरअसल, दिल्ली-रोहतक रोड पर बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, लाल चौक, सिविल अस्पताल के नजदीक सड़क पूरी तरह टूट गई थी। मंगलवार को शहर में आई तेज बारिश के दौरान लाल चौंक पर बने गड्ढों में पानी भर गया था।
इन गड्ढों में एक सामान से लदी ई-रिक्शा पलट गई थी। लोगों ने उक्त रिक्शा को उठवाया था। बुधवार को पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने समस्या का समाधान किया और इन गड्ढों को भरवाया गया। गड्ढों में कंक्रीट डलवाए गए हैं। इससे इनमें पानी नहीं भरेगा और यहां से वाहन आसानी से निकल सकेंगे।
गड्ढे भरने के बाद शहरवासियों और वाहन चालकों ने काफी राहत महसूस की। दुकानदार विजय कुमार, शिव कुमार, नवीन शर्मा ने बताया कि यह गड्ढे कई दिनों से बने हुए थे और आए दिन इनका आकार भी बड़ा हो रहा था।