नारनौल। मौसम विभाग ने 24 घंटों के अंदर हल्की बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि 14 मार्च को केवल 20-25 हिस्सों जबकि 15 मार्च को हरियाणा एनसीआर दिल्ली के 50 प्रतिशत हिस्से में हल्की बारिश, तेज गति की हवाएं चलने और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।
16 मार्च को केवल उत्तरी जिलों पर हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों की संभावना बन रही है जिसकी वजह से भारतीय मौसम विभाग ने संपूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है इसके बाद भी 18 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 18-21 मार्च के दौरान हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि पश्चिमी प्रणाली के असर से जिले में 14 मार्च की सुबह से शाम तक 5-10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं अंधड़ देखने को मिलेगी। वहीं आंशिक बादलों की आवाजाही से धीरे-धीरे तापमान में हल्की गिरावट होगी। शुक्रवार को नारनौल में अधिकतम 32.5 और 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं किसानों को असमय बारिश के चलते सरसों में नुकसान की चिंता सता रही है।