कनीना। गांव पोता में वीरवार देर शाम हुई फायरिंग के मामले में शुक्रवार शाम तक भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इस मामले में जिला पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
बता दें कि वीरवार शाम को गांव के मैदान में खेलते समय हुई कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। देर शाम आरोपियों में से एक आरोपी 11वीं के छात्र पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस ने पीड़ित लोकेश की शिकायत के आधार पर चार नामजदों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी थी। पुलिस को दी शिकायत में लोकेश ने बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। लेकिन वह बाल-बाल बच गया। कनीना के डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पोता में गोली चलने की सूचना के बाद से ही टीम कार्रवाई में जुट गई थी। आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम उनके नेतृत्व में, दूसरी टीम थाना प्रभारी ब्रह्मप्रकाश के नेतृत्व में व सीआईए स्पेशल स्टाफ महेंद्रगढ़ की टीम इंचार्ज उमर मोहम्मद के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही है। जल्द ही इस मामले में संलिप्त आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।