नाईट डोमिनेशन अभियान के तहत वाहनों की जांच करती पुलिस टीम।
- फोटो : Narnol
नारनौल। पुलिस महानिदेशक के आदेश पर शुक्रवार की रात नाइट डोमिनेशन अभियान के तहत पुलिस टीम ने 34 स्थानों पर नाकेबंदी कर 1156 वाहनों की जांच की। यह अभियान रात्रि 10 बजे से सुबह 04 बजे तक चला।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने इलाकों में गश्त की। साथ ही 378 पुलिस कर्मचारियों ने 34 विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की और 20 स्थानों पर पैदल गश्त की गई। नाइट डोमिनेशन के दौरान महिला पुलिस ने भी गश्त व नाकाबंदी की। इसके साथ ही होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबों व अन्य ठहरने वाले स्थानों तथा बैंक एटीएम की भी जांच की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस रात्रि नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1156 वाहनों की जांच की। इनमें से 187 दोपहिया, 561 चारपहिया, 252 हल्के वाहन, 156 भारी वाहनों की जांच की। इनमें 84 वाहनों के चालान किए गए। सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों तथा अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दर्ज 7 मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर सट्टा में लगाई गई राशि 550 रुपये, 72 बोतल देसी शराब और एक देशी कट्टा बरामद किया। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, जुआ, शराब अधिनियम के तहत संबंधित थाना में मामला दर्ज करके कार्रवाई अमल में लाई गई।