महेंद्रगढ़/कनीना। दीपावली पर्व पर पटाखों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। कनीना पुलिस ने कस्बे में स्थित एक मकान में छापा मारकर करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अनिल वासी कनीना के रूप में हुई है। आरोपी के पास पटाखा भंडारण और बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कनीना थाना पुलिस को सूचना मिली कि अनिल वासी कनीना अपने मकान में बने एक कमरे में अनेक प्रकार के विस्फोटक पटाखे बेचने के लिए रखे हुए हैं। अगर तुरंत रेड की जाए तो व्यक्ति को पटाखों सहित काबू किया जा सकता है। पुलिस ने बताए हुए स्थान पर छापा मारा। वहां पर मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने काबू करके पूछताछ की और मकान को चेक किया। व्यक्ति ने अपना नाम अनिल बताया। मकान में बने एक कमरे में प्लास्टिक के कट्टों में रखे विस्फोटक पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने करीब 1.50 लाख रुपये की कीमत के पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।