भालखी में बनेगी पेयजल परियोजना
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव दोंगड़ा जाट, मुडिया खेड़ा, नांगल, मोहनपुर और रसूलपुर के ग्रामीणों की खुले दरबार में समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए। इसकी अध्यक्षता कनीना के एसडीएम संदीप सिंह ने की। इस मौके पर मुडिया खेड़ा सहित अन्य गांवों के लोगों ने नहरी पानी की उपलब्धता की मांग रखी। इस संदर्भ में डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने कहा कि बिजली, नहरी पानी और सड़कें विकास की सूत्रधार हैं। इनकी उपलब्धता पर मोदी और मनोहर लाल सरकार का विशेष फोकस है। उन्होंने कहा कि नारनौल के समीप लहरोदा की तरह दोंगड़ा अहीर के पास भालखी में 150 करोड़ रुपये की नहरी पानी पर आधारित पेयजल परियोजना स्थापित की जाएगी।
यह मांग मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से की जा चुकी है। जल्द ही इसे मंजूर करवा कर स्थापित करवाया जाएगा। संतोष यादव ने कहा कि नहरी पानी पर आधारित इस पेयजल परियोजना की स्थापना होने से 76 गांवों के लोगों को भरपूर पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि मुंडिया खेड़ा गांव के लिए 2650 फिट लंबी डीआई पाइप लाइन मंजूर करवा दी गई है। इसे गांव में जल्द ही दबाकर पीने का पानी उपलब्ध करवा दिया जाएगा। संतोष यादव ने मुडिया खेड़ा में नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन किया और कहा कि समूचे अटेली विधान सभा क्षेत्र में सड़कों, गलियों, फिरनियों, लिंक मार्गों के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया गया है।
इस मौके पर एसडीएम संदीप सिंह इंजीनियर, तहसीलदार निर्मल दहिया, बीडीपीओ ओमप्रकाश यादव सहित अन्य अधिकारियों के अलावा पंचायत समिति चेयरपर्सन सरला देवी, श्रीराम बागोत, मुनि लाल शर्मा सुंदरह, ओमप्रकाश लिसानिया, ओमप्रकाश सरपंच दोंगड़ा जाट, प्रीति यादव सरपंच मुडिया खेड़ा, सुनीता देवी सरपंच नांगल, रतिराम सरपंच मोहनपुर सहित कई गांवों के सरपंच और अन्य लोग उपस्थित रहे।