संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। शहर की सब्जी मंडी में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नियमित सफाई और कूड़े का उठान नहीं होने से दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों की परेशानी बढ़ रही है। सब्जी मंडी में 200 से अधिक दुकानदार हैं और प्रतिदिन पांच हजार से अधिक लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे में लोगों को कूड़े के ढेरों के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
मार्केट कमेटी के कर्मचारी नियमित रूप से कूड़े का उठान नहीं कर रहे हैं। दिनभर कचरे से उठने वाली दुर्गंध से मंडी के व्यापारी परेशान हैं। वहीं, बेसहारा गोवंश दिनभर कूड़े के ढेरों में मुंह मारता रहता है। इससे कूड़ा पूरी मंडी में फैल जाता है। सब्जी मंडी में तीन जगहों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नियमित सफाई नहीं होने के कारण इन ढेरों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंडी व्यापारी भी कई बार सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
आढ़ती गोविंद, सतीश, वासुदेव, कृष्ण सैनी, सोमबीर सैनी तथा दुकानदार पवन सैनी और रामनिवास सैनी ने बताया कि नियमित रूप से सफाई होने के बाद भी कूड़े का उठान नहीं किया जाता। मार्केट कमेटी के कर्मचारी सफाई तो कर देते हैं, लेकिन कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता। तेज हवा चलने पर कूड़ा दुकानों में घुस जाता है। इससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों और दुकानदारों ने मांग की है कि मंडी में नियमित सफाई के साथ-साथ कूड़े का रोजाना उठान करवाया जाए, ताकि गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके।
वर्जन:
सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर कूड़ा उठवाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दो दिन का अवकाश होने के कारण कूड़े का उठान नहीं हो पाया। शीघ्र ही इस कूड़े का उठान करवा दिया जाएगा।
नरेश यादव, सचिव, मार्केट कमेटी महेंद्रगढ़