फोटो संख्या:51 हकेंवि में दाखिला पोर्टल शुरू करते कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार व अन्य। विज्ञप्
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) के स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हकेंवि ने सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) पीजी-2026 के परिणाम घोषित होने के बाद प्रवेश पोर्टल खोल दिया है। पात्र अभ्यर्थी अब 12 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि इस वर्ष हकेंवि में 43 स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के अंतर्गत कुल 1457 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र से एमफार्म (औषधि निर्माण विज्ञान) में नया स्नातकोत्तर कार्यक्रम भी शुरू किया गया है जिससे फार्मेसी और शोध क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को नया अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दाखिले से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारी जैसे पात्रता मानदंड, पंजीकरण प्रक्रिया, कार्यक्रमों का विवरण और आवश्यक दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
दाखिला प्रक्रिया के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 12 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद विश्वविद्यालय मेरिट सूची जारी करेगा। पहली काउंसलिंग की श्रेणीवार सूची 16 जून को जारी की जाएगी, जिसके आधार पर विभिन्न कार्यक्रमों में प्रवेश प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी है ताकि दाखिला प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इधर, शुक्रवार को विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने पीजी दाखिला पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में देश के 26 राज्यों से विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं और संस्थान उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हकेंवि शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 और एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालय की बेहतर स्थिति इसकी शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। कार्यक्रम में शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मौर्य सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।