नारनौल। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतें अब आमजन की जेब पर भारी पड़ने लगी हैं। दो सप्ताह के भीतर तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए जाने के बाद शनिवार को क्षेत्र में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर गई।
पहले 99.46 रुपये प्रति लीटर बिक रहा पेट्रोल अब बढ़कर 100.26 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत भी 92 रुपये से बढ़कर 92.83 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
पेट्रोल में करीब 80 पैसे और डीजल में 83 पैसे की वृद्धि ने वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। बढ़ते ईंधन दामों का असर अब परिवहन लागत के साथ-साथ खाद्य पदार्थों, सब्जियों और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है।
स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि लगातार बढ़ रही कीमतों के कारण बिक्री पर असर पड़ रहा है। ग्राहक अब पहले की तुलना में कम मात्रा में या केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवा रहे हैं। इससे कारोबार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
शहर के विकास, जयप्रकाश, दिनेश, विजय और संजय सहित कई लोगों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से महंगाई का सीधा असर हर वर्ग पर पड़ता है। परिवहन खर्च बढ़ने से दूध, सब्जियां, गैस सिलिंडर और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ जाती हैं।
लोगों ने आशंका जताई कि यदि कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले समय में पेट्रोल के दाम और अधिक बढ़ सकते हैं। नागरिकों ने सरकार से ईंधन कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की है।