दूरंतो एक्सप्रेस ट्रैन को काला झंडा दिखाते दैनिक रेल यात्री महासंघ प्रधान रामनिवास पाटोदा।
- फोटो : Narnol
बीकानेर-सियालदह दूरंतो एक्सप्रेस को महेंद्रगढ़ में ठहराव नहीं दिए जाने पर दैनिक रेलयात्री महासंघ के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि रेलवे के उच्च अधिकारियों को एक महीने में ठहराव शुरू कराने का भरोसा दिया है। स्टेशन पर ठहराव नहीं दिया गया तो वे रेल ट्रैक पर बैठेंगे। प्रदर्शन को लेकर जीआरपी रेलवे स्टेशन पर अलर्ट रहा। प्रदर्शनकारियों ने माजरा फाटक पर बीकानेर-सियालदह दूरंतो को काले झंडे दिखाए।
बीकानेर-सियालदह दूरंतो एक्प्रेस गाड़ी का सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 12.30 बजे यह ट्रेन बीकानेर से सियालदह के लिए रवाना हुई। दैनिक रेलयात्री महासंघ ने ट्रेन का महेंद्रगढ़ में ठहराव न दिए जाने पर काले झंडे दिखाकर विरोध करने का एलान किया था। इसके बाद रेलवे पुलिस ने स्टेशन पर भारी संख्या में बल तैनात कर दिया था। आसपास के रेलवे स्टेशन पर तैनात सुरक्षा बल को भी महेंद्रगढ़ स्टेशन पर बुला लिया गया। यहां डीएसपी यादराम के नेतृत्व में पूरे स्टेशन को खाली करा दिया गया।
स्टेशन पर भारी संख्या में पुलिस तैनाती देखकर दैनिक रेलयात्री महासंघ ने प्रदर्शन से कुछ मिनट पहले अपनी योजना बदल दी। महासंघ के सदस्य प्रधान रामनिवास पाटोदा के नेतृत्व में माजरा फाटक पहुंच गए। जब दूरंतो एक्सप्रेस वहां से गुजरी तो समिति सदस्यों ने गाड़ी को काले झंडे दिखाकर अपना विरोध जताया। दैनिक रेलयात्री महासंघ के प्रधान रामनिवास पाटोदा ने कहा कि रेल मंत्री और रेलवे के उच्च अधिकारियों ने महेंद्रगढ़ के साथ भेदभाव किया है। राजस्थान में चार-चार स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। वहां तहसील स्तर के रेलवे स्टेशन पर ठहराव दिए गए हैं। महेंद्रगढ़ आदर्श रेलवे स्टेशन है, जिले का नाम भी महेंद्रगढ़ है। गांव पाली में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय है, जिसमें देश भर के अलग अलग राज्यों के विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं। इस गाड़ी के ठहराव से विद्यार्थियों को काफी मदद मिलेगी। रामनिवास पाटोदा ने चेतावनी देते हुए कहा कि एक महीने में अगर ट्रेन का ठहराव महेंद्रगढ़ स्टेशन पर नहीं दिया गया तो ट्रैक को जाम कर दिया जाएगा।
स्टेशन परिसर बना छावनी
रेल रोकने की चेतावनी से जीआरपी एवं आरपीएफ पहले ही अलर्ट हो गया था। बीकानेर-सियालदाह दूरंतो के महेंद्रगढ़ पहुंचने से एक घंटे पहले ही पुलिस पहुंच गई थी। सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी के लगभग 80 पुलिस कर्मचारी स्टेशन पर तैनात किए गए थे। स्टेशन से सभी यात्रियों को बाहर निकाल दिया गया ।
इसके पहले दैनिक रेलयात्री महासंघ के सदस्यों ने रविवार को रेलवे स्टेशन पर धरना दिया था। महासंघ ने डेढ़ घंटे तक सुबह 11 से दोहपर 12.30 बजे तक दिया गया। महासंघ के प्रधान रामनिवास पाटोदा ने धरने का नेतृत्व किया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक जगदीश प्रसाद को रेलमंत्री के नाम पर ज्ञापन भी सौंपा।