कनीना। धनौंदा-मोहनपुर सड़क पर पुल निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं के विरोध में किसानों ने निर्माण स्थल पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रमुख समाजसेवी एवं बहुजन समाज पार्टी के नेता अतरलाल एडवोकेट ने किया।
इस दौरान धनौंदा, खरकड़ा बास, उन्हाणी, चेलावास व मोहनपुर गांवों के अनेक लोगों ने भाग लेकर ठेकेदार व निर्माण एजेंसी से पुलों का निर्माण नियमों के अनुसार मजबूत व सुरक्षित ढंग से करने की मांग की।
लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है जिससे भविष्य में हादसों की आशंका बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन उपमंडल अधिकारी नागरिक कनीना के नाम बसपा नेता अतरलाल को सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि खेड़ी डिस्ट्रीब्यूटरी, बवाना डिस्ट्रीब्यूटरी एवं मेन कैनाल के पुलों के बीच सड़क में खड़े तीन कीकर के पेड़ों व एक बिजली के खंभे को हटाया जाए, पुलों की रिटेनिंग वॉल की लंबाई बढ़ाई जाए। तीनों पुलों के रैंपों को भरत कर सीधी सड़क बनाई जाए। पुलों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइनों को ऊपर उठाया जाए।
किसानों ने उपमंडल अधिकारी नागरिक से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि चार दिन के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे निर्माण कार्य नहीं होने देंगे।
इस मौके पर बसपा नेता अतरलाल ने किसानों की मांगों को पूरी तरह जायज बताते हुए ज्ञापन को तत्काल उपमंडल अधिकारी नागरिक कनीना तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में मीर सिंह वैद्य, किशनपाल, मुकेश सिंह, सतेंद्र, यशपाल, इंद्रजीत, नितेश, अंश, दिनेश पंच, रामबीर पंच, कप्तान ओमपाल सिंह, कप्तान सीताराम सहित कई किसान मौजूद रहे।