महेंद्रगढ़। जिले में तीन नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। गांव पाली, बिगोपुर और सिरोही बहाली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व गांव दोचाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए साइट प्लान को प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है।
विकास एवं निगरानी समिति के सदस्य संदीप मालड़ा के अनुसार, इन परियोजनाओं के लिए 15वें वित्त आयोग से पहले ही फंड स्वीकृत हो चुका था लेकिन साइट प्लान चंडीगढ़ स्थित मुख्य वास्तुकार कार्यालय में लंबित थे। इस पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया जबकि स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के संज्ञान में भी मामला लाया गया।
अब सभी साइट प्लान मंजूर होकर स्वास्थ्य महानिदेशक को भेज दिए गए हैं जहां से जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इन स्वास्थ्य केंद्रों के बनने से करीब 50 गांवों की एक लाख से अधिक आबादी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
ढांचे में सुधार के लिए मिलेगी 30 करोड़ की राशि
जिले के स्वास्थ्य ढांचे में सुधार के लिए सरकार से करीब 30 करोड़ की राशि मिलेगी। यह राशि जिलेभर के स्वास्थ्य संस्थाओं में मूलभूत सुविधाओं के दायरे में विस्तार पर खर्च की जाएगी। गांव बिगोपुर में प्रथमिक स्वास्थ्य केंद्र 1.34 एकड़ में निर्माण किया जाएगा। गांव पाली का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी करीब 1.26 एकड़ में बनेगा।गांव सिरोही बहाली का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी 1.36 एकड़ में बनाया जाएगा। इसके अलावा गांव बोचाना का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करीब 10.07 एकड़ में विकसित किया जाएगा।