नारनौल। शहर के नांगल चौधरी रोड पर शनिवार को गौड़ सभा ने नए भवन के लिए भूमि का पूजन व विप्र सम्मेलन का आयोजन किया। इसके बाद बतौर अतिथि पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा ने कहा कि इतिहास बताता है कि हिंदू धर्म पर हमला होता रहा है। सनातन धर्म की रीढ़ होने के कारण ब्राह्मणों को समय-समय पर अत्याचार का सामना करना पड़ा। अन्याय के खिलाफ भगवान परशुराम ने शस्त्र का इस्तेमाल किया।
नारनौल विधानसभा से विधायक एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि भगवान परशुराम ने कई आदर्श प्रस्तुत किए। उन्होंने पापियों का नाश किया। धर्म की स्थापना की। पूर्व विधायक पंडित राधेश्याम शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम के जीवन से शिक्षा मिलती है कि हमें शस्त्र और शास्त्र के ज्ञाता बनना चाहिए। अंत में गौड़ सभा के प्रधान राकेश मेहता एडवोकेट ने आए सभी अतिथियों को स्वागत किया। मंच संचालन पंकज गौड़ ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मंत्री पंडित कैलाश चंद शर्मा, हरियाणा एग्रो के पूर्व चेयरमैन गोविंद भारद्वाज, नगर परिषद नारनौल की चेयरपर्सन कमलेश सैनी व रेडक्राॅस सोसाइटी के महासचिव महेश जोशी आदि ने भी संबोधित किया। अवसर पर अर्जुन लाल शर्मा, केके शर्मा, मनीष वशिष्ठ, विजय गोस्वामी, अशोक कौशिक, सरोज शर्मा, सुनील गौड़, उमाशंकर चौबे, अरविंद कौशिक आदि मौजूद रहे।