पिछले दिनों कनीना मंडी में एक व्यापारी से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में रविवार को व्यापार मंडल के सदस्यों ने थाने में पहुंचकर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं दोपहर 12 बजे लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की, वहीं शाम पांच बजे पुलिस ने पंकज निवासी महेंद्रगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
व्यापार मंडल के प्रधान रविंद्र बंसल ने कहा कि इस प्रकार के अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। 12 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे के आसपास चेलावास निवासी दो व्यक्ति सुमित और पंकज कस्बे के व्यापारी आलोक की दुकान पर पहुंचे। जहां पर उनका बड़ा लड़का हर्षवर्धन, एफए दीपक व मनीष उपस्थित रहे। इस दौरान सुमित ने 50 लाख रुपये की मांग करते हुए उनका व्यापार बंद करने की धमकी दी। वहीं पंकज ने पैसा न देने पर गोली मारने की धमकी दी व काउंटर पर हाथ मारते हुए एक्स का निशान भी बनाया। जो सीसीटीवी कैमरा में भी साफ दिखाई दे रहा है। इस दौरान आरोपी सुमित ने कैमरा ऑन करने व उसके मोबाइल नंबर पर फोन करने की बात भी कही। जिस पर व्यापारी आलोक ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी हुई है। लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। जिसके चलते रविवार को व्यापारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमों को गठन किया गया है। जो आरोपियों को पकड़ने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी टीमें आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करेंगी। इस मौके पर व्यापार मंडल से अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।