फोटो नंबर-17रेहड़ी चालक के पास डस्टबीन रखवाते नप अधिकारी।
नारनौल। नववर्ष पर नगर परिषद ने चालान काटने के साथ अस्थाई दुकानदारों व रेहड़ी लगाने वालों के पास डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे दुकानदारों को डस्टबिन के प्रयोग की आदत पड़ेगी।
इसी क्रम में पार्कों, ऐतिहासिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी चेतावनी व जागरूकता से संबंधित नोटिस बोर्ड चस्पा कराए गए हैं। इन बोर्डों पर साफ-सफाई के प्रति सजग रहने, कूड़ा न फेंकने और स्मारकों की मर्यादा बनाए रखने से संबंधित संदेश लिखे गए हैं। नगर परिषद का मानना है कि इन नोटिसों से अब लोग पार्कों में बैठकर गंदगी फैलाने या ऐतिहासिक धरोहरों को नुकसान पहुंचाने से बचेंगे।
नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ शहर, सुंदर शहर अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। शहरवासियों और दुकानदारों की सहभागिता से यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा।
वर्जन:
बाजार में जगह-जगह सड़कों पर लगी अस्थाई दुकानें व रेहड़ी चालकों को आधी राशि का चालान काटकर डस्टबिन रखवाया जा रहा है। यह नववर्ष के साथ स्वच्छता बनाए रखने के लिए शुरू किया गया। इससे सभी को डस्टबिन रखने की आदत पड़ जाएगी।-सत्येंद्र सिंह, सफाई निरीक्षक नगर परिषद, नारनौल