नारनौल। जिले में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर और भरोसेमंद बनाने के लिए वाटर सप्लाई मैकेनिकल डिवीजन ने कदम उठाया है। विभाग की ओर से विभिन्न पंप हाउसों की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14.50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत का टेंडर जारी किया गया है। इसके तहत पुराने और कम क्षमता वाले विद्युत उपकरणों को बदला और अपग्रेड किया जाएगा।
टेंडर में पंप हाउसों पर लगे हाइटेंशन (एचटी) और लो टेंशन (एलटी) ट्रांसफार्मरों को बदलने के साथ उनकी क्षमता बढ़ाने का प्रावधान है। इसके अलावा एचटी वीसीबी पैनल और अन्य जरूरी विद्युत उपकरण भी लगाए जाएंगे। एचटी 33/3.3 केवी और एलटी ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति, प्रतिस्थापन तथा क्षमता वृद्धि का काम किया जाएगा।
विभाग के अनुसार पुराने उपकरणों के कारण कई बार बिजली पर अधिक भार पड़ता है, जिससे पंपिंग सिस्टम प्रभावित हो सकता है। नए और अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगने से ओवरलोडिंग कम होगी तथा उपकरणों पर दबाव घटेगा।
एचटी वीसीबी पैनल बिजली आपूर्ति को नियंत्रित करने और फॉल्ट की स्थिति में सुरक्षा बढ़ाने में मदद करेंगे। इससे पंप हाउस सुचारू रूप से चलेंगे और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक स्थिर एवं विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।