अधिकारियों की बैठक लेते राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह।
- फोटो : Narnol
नारनौल। राज्य के चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि पंचायती राज चुनाव के अलावा कुछ स्थान पर शहरी निकायों के चुनाव भी होने हैं। ऐसे में नगर परिषद के अधिकारी अपनी तैयारियां पूरी रखें। यह सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची से संबंधित कोई भी शिकायत है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तय नियमों के अनुसार ही दूर किया जाए। उन्हाेंने कहा कि चुनाव की घोषणा होने के बाद 45 दिन का समय होता है। इस दौरान बहुत ही मुस्तैदी और तेजी से कार्य निपटाना होता है। ऐसे में अधिकारी अभी से अपनी तैयारियां पूरी रखें।
मंगलवार को लघु सचिवालय में पंचायती राज संस्थाओं के होने वाले चुनाव के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी उम्मीदवार का सही नाम उसकी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर ही माना जाएगा। विधानसभा की मतदाता सूची के अनुसार ही पंचायती राज चुनाव की मतदाता सूची तैयार होगी। इस मतदाता सूची को ही वार्ड वाइज वितरित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन चुनावों में मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से पहले नागरिकों को पहले अपना नाम विधानसभा सूची में दर्ज कराना होगा। उसके बाद ही वह पंचायती राज संस्थाओं के होने वाले चुनाव मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा पाएगा। सिंह ने कहा कि किसी भी उम्मीदवार का सही नाम उसकी शैक्षणिक सर्टिफिकेट के आधार पर ही माना जाएगा। पंचायती राज चुनाव के अलावा कुछ स्थान पर शहरी निकायों के चुनाव भी होने हैं। ऐसे में नगर परिषद के अधिकारी भी इसी प्रकार अपनी तैयारियां पूरी रखें। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि वोटर लिस्ट से संबंधित कोई भी शिकायत है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तय नियमों के अनुसार ही दूर किया जाए। उपायुक्त अजय कुमार ने इस संबंध में अभी तक किए प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर एडीसी अभिषेक मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तरुण कुमार भी मौजूद रहे।