नारनौल। राज्य के सरकारी अधिकारी व कर्मचारी जब कार्यालय में हो तो वह यह सोचकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें कि वे लोक सेवक है। यह बात मिशन कर्मयोगी हरियाणा के जिला नोडल ऑफिसर डीएस यादव ने मंगलवार को नारनौल स्थित राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षण के समापन दिवस पर संबोधित करते हुए कही।
यह प्रशिक्षण 5 जनवरी से सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए आरंभ हुआ था। नोडल अधिकारी डीएस यादव ने कहा कि यदि कोई नागरिक आपके पास अपनी समस्या का समाधान करवाने आता है तो वह सबसे पहले उसका विनम्रता व शिष्टाचार से स्वागत करें और उसकी समस्या का समाधान करने का प्रयास करें।
286 अधिकारियों कर्मचारियों ने ली सफलता पूर्वक ट्रेनिंग
डीएस यादव ने बताया कि 10 दिनों के ट्रेनिंग सेशन के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के 337 अधिकारियों व कर्मचारियों को यह प्रशिक्षण लेना था। इसमे ज्यादातर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारी व कर्मचारी थे। ट्रेनिंग के दौरान विभिन्न विभागों के 286 अधिकारी व कर्मचारियों ने ट्रेनिंग ग्रहण की, जबकि 41 अनुपस्थित रहे। जिनकी सूचना उपायुक्त नारनौल, सिटी मजिस्ट्रेट सह मिशन कर्मयोगी ट्रेनिंग समन्वय अधिकारी, महानिदेशक हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान गुरुग्राम के साथ-साथ संबंधित विभागों के अध्यक्षों व विभाग प्रमुखों को आगामी कार्यवाही के लिए अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।