फोटो संख्या: 73 मौके पर पहुंचे गौरक्षक दल के सदस्य। संवाद
महेंद्रगढ़। सतनाली बास में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक गर्भवती नीलगाय को गोली मारने की घटना सामने आई। सूचना गोरक्षक दल के सदस्यों ने पुलिस और वन विभाग को दी। सतनाली थाने के एसएचओ जगराम और वन विभाग के अधिकारी रवि मौके पर पहुंचे।
सतनाली पशु अस्पताल के चिकित्सक रोहित और हरीश मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही नीलगाय की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने नीलगाय का पोस्टमार्टम किया। नीलगाय 9 महीने की गर्भवती थी और उसके सिर से दो गोलियां निकली थीं। गोरक्षक दल के सदस्य गौरव ने इस घटना की निंदा की। बताया कि उन्होंने पुलिस और वन विभाग को तुरंत सूचना दी थी। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने इस वारदात को अंजाम देने का आरोप राजस्थान के एक गांव के रहने वाले राहुल पर लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है। इस मौके पर गो सेवक तनुज सतनाली, अभिषेक, बिंटू, दीपक, रमेश कुमार, लोकेश, आशु, गोगी, गौरव खुडाना ग्राम आदि उपस्थित रहे।