दीक्षारंभ प्रेरण कार्यक्रम में भाग लेते विद्यार्थी व स्टाफ। स्रोत : विवि
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के हिंदी विभाग की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ प्रेरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, यूथ रेड क्रॉस, नई शिक्षा नीति-2020, कौशल विकास और जीवन मूल्यों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति की समन्वयक प्रो. रश्मि पुंडीर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल उपाधि प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का केंद्र है। नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को स्वयं सीखने के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. मंजु पुरी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन तपस्या का समय है और आज का श्रेष्ठ कर्म ही भविष्य में बेहतर परिणाम देता है। मानविकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. निखिलेश ने विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करते हुए लक्ष्य की ओर बढ़ने तथा सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी। कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापक, शोधार्थी एवं नवप्रवेशित विद्यार्थी मौजूद रहे।