रेलवे स्टेशन महेंद्रगढ़ पर चल रहे कार्य का निरीक्षण करते रेलवे निगरानी समिति के सदस्य --स्रोत--
महेंद्रगढ़। रेलवे स्टेशन महेंद्रगढ पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही और अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोई भी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में लापरवाही बरतता है तो रेलवे के उच्चाधिकारियों से मिलकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे निगरानी समिति के सदस्य अमित मिश्रा ने समिति के सदस्यों के साथ रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने के उपरांत ठेकेदार व अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए यह बात कही। रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधीर दीवान, रेलवे निगरानी समिति के सदस्य भूषण गोयल, सुरेश गोस्वामी, नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन बिजेंद्र सिंह यादव, धन्नाराम मित्तल, ईश्वर मित्तल के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे निर्माण अधिकारी लव कुमार चंदेल को निर्देश देते हुए कहा कि किसी प्रकार की कोताही और अनदेखी नहीं सहन की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य रेलवे द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही होने चाहिए। नगर के कुछ लोगों द्वारा उनके संज्ञान में लाया गया था कि रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान ना रखते हुए घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इसलिए आज अन्य साथी सदस्यों और नगर के गणमान्य लोगों के साथ मौका मुआयना किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।