फोटो नंबर- 18वॉलीबॉल मुकाबले में भाग लेती खिलाड़ी। संवाद
नारनौल। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारनौल में आयोजित महिला वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वीरवार को अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। तीनों वर्गों के फाइनल मुकाबले 1 अगस्त को आयोजित होंगे।
अंडर-19 वर्ग का मुकाबला सबसे रोमांचक रहा। अटेली और नांगल चौधरी की टीमों के बीच हुए सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने एक-एक सेट जीता। निर्णायक सेट में नांगल चौधरी ने मामूली अंतर से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-14 वर्ग में कनीना-अटेली और नांगल चौधरी-महेंद्रगढ़ के बीच सेमीफाइनल खेले गए। इसमें अटेली और महेंद्रगढ़ की टीमों ने 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान बनाया।
अंडर-17 वर्ग में नांगल चौधरी ने महेंद्रगढ़ और नारनौल ने कनीना को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दोनों टीमों ने अपने मुकाबले 2-0 से जीते। वहीं अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल में नारनौल ने महेंद्रगढ़ को 2-0 से हराया।
एईओ विक्रम सिंह यादव ने कहा कि महिला खिलाड़ियों में वॉलीबॉल को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।
-
हमें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन हमें पहले मैच में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। इससे सभी खिलाड़ियों में निराशा रही, कमियों को दूर करने के लिए नियमित रूप से अभ्यास करेंगे और आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन का प्रयास रहेगा। -नव्या, अंडर- 17
सभी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया जिसके दम पर हम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रहे। अब हमारा लक्ष्य फाइनल जीत कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करना है। उम्मीद है हम ऐसा करने में सफल रहेंगे। -एंजल, अंडर- 17