फोटो नंबर-13बजाजा बाजार में दुकान को सील करते अधिकारी। संवाद
नारनौल। शहर के व्यस्त बजाजा बाजार में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने ऋण वसूली अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए शुभम साड़ी फर्म की दो मंजिला दो दुकानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट, बैंक अधिकारियों और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई।
जानकारी के अनुसार शुभम साड़ी फर्म ने करीब दस साल पहले पंजाब नेशनल बैंक से व्यावसायिक ऋण लिया था। लंबे समय तक ऋण की किस्तों का भुगतान नहीं होने पर बैंक ने खाते को डिफॉल्टर घोषित कर दिया। इसके बाद बैंक ने नियमानुसार वसूली की प्रक्रिया शुरू की और मामला न्यायालय तक पहुंचा। अदालत के आदेश मिलने के बाद बुधवार शाम को बैंक टीम ने संबंधित संपत्ति को सील कर दिया।
पीएनबी शाखा प्रबंधक सुनील कुमार आर्य ने बताया कि बैंक ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद यह कार्रवाई की है। वहीं ड्यूटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार ने बताया कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मौके पर सिटी थाना पुलिस, बैंक कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के चलते किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। कार्रवाई को लेकर बाजार में दिनभर चर्चा का माहौल रहा।