न्यू हाउसिंग बोर्ड को सील कर नाके पर तैनात पुलिस कर्मी।
- फोटो : Narnol
दिल्ली में तैनात आरपीएफ के तीनों कर्मियों की कोरोना जांच की रिपोर्ट शाम सात बजे तक हेल्थ विभाग को नहीं मिल सकी। विभाग को दोपहर तक रिपोर्ट मिलने की उम्मीद थी। लेकिन जांच मशीन में तकनीकी समस्या आने से रिपोर्ट में देर हुई। दूसरी ओर हेल्थ विभाग ने तीनों कर्मियों और उसके ससुर के ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी इकट्ठा कर ली है। रिपोर्ट आते ही विभाग इसके संपर्क में आए लोगों की जांच कराने में जुट जाएगा। तीनों कर्मियों समेत पांचों को को नागरिक अस्पताल के आइसोलेट वार्ड में रखा गया है। दूसरी ओर प्रशासन ने न्यू हाउसिंग बोर्ड को सील कर दिया है। वहीं नारनौल निवासी एक कर्मी के गांव को सैनिटाइज किया गया है।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि पांचों की रिपोर्ट शाम सात बजे तक नहीं मिल सकी है। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी विभाग इसे लेकर सभी प्रकार की तैयारियां कर रहा है। तीनों जवानों से दिल्ली से नारनौल आने और बीच में रुकने समेत अन्य के बारे में जानकारी ली गई है। उन्होंने बताया कि इसमें एक कर्मी पास के गांव है। दूसरा पचेरी राजस्थान और तीसरा चरखी दादरी है। इसमें नारनौल और राजस्थान निवासी कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव है। चरखी दादरी की रिपोर्ट निगेटिव थी। हालांकि तीनों एक साथ थे। ऐसे में तीनों की रिपोर्ट का इंतजार है।
नारनौल का एक जवान दिल्ली से आने के बाद अपने गांव परिजनों से मिलने गया था। लेकिन वह कार से में से ही परिजनों से मिला। परिजनों को बैग देकर वापस नारनौल चला गया। हेल्थ विभाग के अनुसार तीनों कर्मचारी अधिक लोगों के संपर्क में नहीं आए। लेकिन एक कर्मचारी का ससुर करीब 50-60 लोगों के सम्पर्क में आया है। ऐसे में उसकी चेन का पूरा पता चलाया जा रहा है। जिससे सभी की जांच कर होम क्वारंटीन किया जा सके।
कोविड-19 के लिए 145 लोगों का लिया सैंपल
नारनौल। कोरोना के प्रभारी डॉ. सुरेंद्र ने बताया कि कोविड-19 के संदिग्धों की जांच के लिए जिला नागरिक अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से 145 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। नारनौल जीएच से 21, सतनाली में सात, नांगल चौधरी में 41, कनीना में छह, महेंद्रगढ़ में 42,मोबाइल टीम ने 18 और अटेली में दस लोगों के सैंपल लिए गए। दूसरी ओर मोबाइल टीम ने 32 दस लोगों का रैपिड टेस्ट किया। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।