केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पद्म पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए आवेदनकर्ता को 10 अगस्त तक अपनी सिफारिश राज्य सरकार को भेजनी होगी। इसके बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। उपायुक्त संजीव वर्मा ने बताया कि पद्म पुरस्कारों में पद्म श्री, पद्म भूषण व पद्म विभूषण दिए जाएंगे। पुरस्कार के लिए संबंधित सिफारिश के साथ व्यक्ति का पूरा पता, जन्म तिथि, उस व्यक्ति के जीवन की प्रमुख घटनाएं एवं उसका वर्तमान व्यवस्था अथवा पद का विवरण निर्धारित प्रफोर्मा में भरकर भिजवाया जाए। यह प्रफोर्मा गृह मंत्रालय भारत सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि इन पुरस्कारों को प्रदान करने का आशय किसी विशिष्ट कार्य को मान्यता प्रदान करना है तथा ये पुरस्कार सभी प्रकार की गतिविधियों जैसे कला, साहित्य, और शिक्षा, खेलकूद, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों व सेवाओं के लिए प्रदान किए जाते हैं। डीसी ने बताया कि सभी राज्य व संघ राज्य क्षेत्र सरकारों, भारत सरकार के मंत्रालयों, विभागों, भारत रत्न और पदम विभूषण पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं और उत्कृष्ट संस्थाओं से हर वर्ष सिफारिशें आती हैं। इन पर प्रधानमंत्री द्वारा गठित पद्म पुरस्कार समिति विचार करती है। पद्म पुरस्कार समिति द्वारा की गई सिफारिशें प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के अनुमोदनार्थ प्रस्तुत की जाती हैं। इन पुरस्कारों की घोषणा प्रति वर्ष 26 जनवरी के अवसर पर की जाती है। ये राष्ट्रपति भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाते हैं।