मंडी अटेली। पुराना बस स्टेंड से नगरपालिका को जाने वाले सड़क मार्ग को अधूरा छोड़े जाने तथा अधूरे मार्ग पर शोभा यात्रा को लेकर डाली गई डस्ट से दुकानदारों का दुकान पर बैठना मुश्किल भरा काम हो गया है। दुकानदारों ने डस्ट से परेशान होकर इस मार्ग पर शनिवार को सुबह करीब ग्यारह बजे जाम लगा दिया।
करीब आधा घंटा लगे इस जाम से मुख्य मार्ग पर आवागमन रुक गया। इससे लोगों को काफी कठिनाई से गुजरना पड़ा। थाना प्रभारी अजीत चौधरी मौके पर पहुंच कर नपा कार्यालय में संपर्क कर इस पर पानी डलवाने का आश्वासन दिया तब जाकर लोगों ने जाम को हटाया। दुकानदार राजेश, जितेंद्र, अजीत, प्रकाश आदि का कहना है कि ठेकेदार इस मार्ग पर से शोभा यात्रा निकलने के चक्कर में बिना दिवार खींचे ही जल्द बाजी में रोड़ियों पर ही डस्ट डलवाकर पानी छिड़क दिया। रास्ता सूखते ही डस्ट उड़ने लगी जो दुकान के सामान को खराब कर रही है और दुकानदारों के स्वास्थ्य को भी। दुकानदारों ने बताया कि रास्ते में डाली गई डस्ट सूखते ही उड़नी शुरू हो गई। रास्ते से जैसे ही कोई वाहन गुजरता है। डस्ट उड़ने की बात नगरपालिका कार्यालय को अवगत करवाई गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरी में जाम जैसा अनुचित कदम उठाना पड़ा।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अजीत चौधरी ने नगर पालिका चेयरमैन विकास यादव से संपर्क किया तथा सड़क पर जब तक पानी डलवाने की बात कही जब तक सड़क नहीं बन जाती। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने जाम को हटाया।