महेंद्रगढ़। राव तुलाराम चौक पर स्थित पटियाला बैंक में हार्ड केशियर द्वारा किए गए गबन के मामले में शनिवार को बैंक की दिल्ली से उच्च अधिकारियों की टीम बैंक पहुंची। टीम ने शाखा प्रबंधक से मामले को लेकर गहनता से विचार विमर्श किया तथा मामले की जांच की। जब इस बारे में टीम के अधिकारियों से अमर उजाला टीम ने बात करने का प्रयास किया तो टीम ने केवल इतना ही कहा कि मामले की जांच चल रही है। इसके बाद टीम नारनौल पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर के पास हार्ड कैशियर की गिरफ्तारी के लिए चले गए। नारनौल उच्चअधिकारी एवं शाखा प्रबंधक एसपी से मिले और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि पटियाला बैंक में कार्यरत हार्ड कैशियर आरोपी राजबीर सिंह ने बैंक से करोड़ों रुपये का गबन कर रखा है। बीती 6 अक्टूबर को मामला उस समय उजागर हुआ जब उपभोक्ताओं ने लाखों रुपये बैंक से निकलवाने के लिए वह चक्कर कटवाता रहा। इसके उपभोक्ताओं ने बैंक के अंदर शोर मचाया तो मैनेजर ने उनसे बातचीत की और सारी व्यथा बताई। इसके बाद जब उनके खातों की डिटेल चैक की तो उनकी जमा राशि का लाखों रुपये खातों से गायब था। इसके बाद अन्य खातों की भी जांच की गई। बैंक मैनेजर आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर मामला भी दर्ज करवाया लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ी
हार्ड कैशियर द्वारा बैंक से गबन कर देने के बाद जैसे-जैसे उपभोक्ताओं को सूचना मिल रही है वो अपने खाता चैक करने के लिए आ रहे हैं। शनिवार को भी लगभग 15 खाताधारकों ने अपने खातों को चैक किया उनमें से उनको लाखों रुपये गायब मिले। अब तक फर्जी खातों की संख्या 60 के करीब पहुंच गई है। जबकि शिकायत 25 से अधिक आ चुकी हैं। जिन उपभोक्ताओं के पूरे परिवार या एक से अधिक व्यक्ति के खाते थे उन्होंने एक ही शिकायत दी है।
छह दिन बाद पुलिस के हाथ खाली
हार्ड कैशियर राजबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज हुए छह दिन हो चुके हैं लेकिन अभी तक पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उपभोक्ताओं ने कहा कि पुलिस विभाग पटियाला बैंक के गबन के मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा। छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। जबकि बैंक ने सभी सबूत पुलिस को दे दिए गए हैं। अगर देखा जाए तो उसकी गिरफ्तारी का न केवल उपभोक्ताओं को बल्कि बैंक को भी इंतजार है। क्योंकि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाएगा तब तक यह मामला सुलझने में नहीं आएगा। इसकी गिरफ्तारी को लेकर पटियाला बैंक के उच्चअधिकारी गंभीर हो गए हैं। दिल्ली से टीम में आए मैनेजर तथा अस्टिटेंट जरनल मैनेजर ने हामिद अख्तर से मिले और उनसे जल्द ही गिरफ्तार करने की मांग की।
10 करोड़ के करीब पहुंची गबन राशि
बैंक से किया गया गबन की राशि लगभग 10 करोड़ पहुंच गई है। शनिवार को भी उपभोक्ताओं ने भी अपने खातों से लाखों रुपये की राशि खातों से गायब बताई। जिस प्रकार से पीड़ित उपभोक्ता बता रहें उसके अनुसार बैंक का गबन 10 करोड़ पहुंच गया है। जबकि बैंक अभी इसका सही आंकलन नहीं कर पाया है। बैंक का अपना आंकलन 6 से 7 करोड़ रुपये बता रहा है। अगर उपभोक्ता इस तरह आए गए तो राशि 15 करोड़ तक पहुंच सकती है। वैसे सही आंकलन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा।
शनिवार को बैंक में दो अधिकारियों की एक टीम आई थी। अधिकारियों से इस मामले में बातचीत की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर से भी मिले हैं। -मैनेजर जितेंद्र कुमार।
पुलिस पिछले दो-तीन दिनों से मुख्यमंत्री के आगमन पर उनकी सुरक्षा में जुुटी हुई थी। मामले को लेकर पुलिस काफी गंभीर है जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर