फोटो 13 शोभा यात्रा में महर्षि वाल्मीकी का किरदार निभाता कलाकार। संवाद
नारनौल। नारनौल और मंडी अटेली में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। दोनों जगह भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं जिनमें धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
नारनौल में गुरु रविदास महासभा की ओर से मोहल्ला ढिंढासर स्थित रविदास मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। महंत बालकदास महाराज ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। शोभायात्रा महावीर मार्ग, महावीर चौक, पुल बाजार, आजाद चौक और किला रोड से होते हुए वाल्मीकि सभा भवन पहुंचकर संपन्न हुई। महंत बालकदास ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज को बेहतर बनाने की प्रेरणा देती हैं।
वहीं, मंडी अटेली में मुख्य अतिथि धीरज तोबड़ा ने शोभायात्रा में भाग लिया। शोभायात्रा मुख्य बाजार, पुराने व नए बस स्टैंड और झंडा चौक से गुजरी। झांकियों में बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान और महर्षि वाल्मीकि का रूप धारण किया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। अंत में प्रसाद वितरित किया गया।
फोटो 13 शोभा यात्रा में महर्षि वाल्मीकी का किरदार निभाता कलाकार। संवाद