हरियाणा के नारनौल की नसीबपुर जेल में बंद एक हवालाती की रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। हवालाती काफी दिन से बीमार चल रहा था, जो करीब 10 दिन से पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन था। इसकी मंगलवार को मौत हो गई।
विज्ञापन
हवालाती भिवानी के मिताथल निवासी रवि के खिलाफ 18 मई 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत सतनाली थाने में मामला दर्ज हुआ था। 18 मई 2021 को पुलिस को शिकायत मिली थी कि गांव बारडा के नजदीक एक कैंटर लावारिस हालात में खड़ा है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो कैंटर खड़ा हुआ था। इसका आगे का शीशा व सामने की लाइट टूटी हुई थी।
इसके पास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसकी ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई तो 20 गत्ता पेटी डिस्पोजल ग्लास व नीचे 33 प्लास्टिक बोरे रखे हुए थे। जिसमें 31 बोरो में 5-5 मोमी प्लास्टिक कागज पैकेट व 2 बोरो में 6-6 पैकेट गांजा पत्ती व एक खुला पैकेट गांजा पत्ती मिला।
विज्ञापन
इसका 17 क्विंटल 12 किलोग्राम 760 ग्राम वजन पाया गया। इसके बाद पुलिस ने कैंटर के केबिन की तलाशी ली तो एक पर्स मिला, जिसमें 510 रुपये, एक ड्राइविंग लाइसेंस रवि कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी नौरंगाबाद और एक आधार कार्ड रवि पुत्र राजकपूर निवासी मिताथल भिवानी के रूप में मिला।
इसके अलावा एक एटीएम कार्ड टूटा मिला था। इसके बाद पुलिस ने रवि पुत्र राजकपूर को गिरफ्तार किया। अब वह नसीबपुर जेल में बंद था, जो काफी समय से बीमार चल रहा था। बताया जा रहा है कि हवालाती रवि की किडनी में दिक्कत थी, जिसका उपचार चल रहा था। अब मंगलवार को पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई।