नारनौल। एसपी नितिश अग्रवाल के निर्देशानुसार नांगल चौधरी थाना प्रबंधक एसआई भूपेंद्र ने क्षेत्र के सरपंचों के साथ बैठक की। बैठक में नांगल चौधरी क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरपंच मौजूद रहे।
धुंध, कोहरा व सर्दी के मौसम में चोरी की घटनाओं को रोकने को मद्देनजर थाना प्रभारी ने गांवों में ठीकरी पहरा लगाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने सरपंचों को गांव में आपसी सामाजिक भाईचारा एवं शांति बनाए रखने के साथ-साथ गांवों में चोरी आदि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक गांव में ठीकरी पहरा लगाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दे। थाना प्रभारी ने बताया कि सरकार द्वारा हरियाणा उदय मुहिम शुरू की हुई है, जिसके तहत पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत खेल प्रतियोगिताएं कराई जा रही है। उन्होंने सभी सरपंचों से अपील की है कि अपने गांव के हर व्यक्ति को नशे के खिलाफ जागरूक करें।