फोटो नंबर-02कन्या के जन्म पर कुआं पूजन करने वाले परिवार को सम्मानित करते ट्रस्ट के सदस्य। स्र
नारनौल। प्रगतिशील शिक्षक ट्रस्ट नारनौल ने शनिवार को बेटी बचाओ अभियान को समर्पित कार्यक्रम नंदिनी पर्व का शुभारंभ किया।
ट्रस्टी नरोत्तम सोनी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा ‘नंदिनी पर्व’ के माध्यम से उन परिवारों का सम्मान किया जाएगा जो कन्या जन्म पर न केवल खुशियां मनाते हैं बल्कि एक पर्व मनाकर समाज को भी बेटी के महत्व का संदेश देते हैं।
शुभारंभ ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. संजय शर्मा ने किया। इस कड़ी में शनिवार को मोहल्ला मोती नगर नारनौल निवासी पूर्व पार्षद धर्मवीर यादव एवं सुमन यादव की पौत्री और अंकित यादव तथा संगीता की बेटी कायरा के पैदा होने पर उत्सव आयोजित करने पर परिवार को ‘नंदिनी पर्व’ अभियान में सम्मानित किया। ट्रस्टी डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि इस समारोह के माध्यम से समाज को संदेश देने का प्रयास किया गया है कि बेटियां समाज के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
कन्या की परदादी विद्या देवी ने कहा कि बेटी के जन्म से पूर्व ही परिवार ने इसे एक उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय ले लिया था। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने कहा कि जो परिवार कन्याओं के जन्म लेने पर परिवार में खुशियां मनाते हैं वास्तव में वो समाज को एक नई दिशा दिखा रहे हैं।