नारनौल। बाढड़ा से विधायक नैना चौटाला ने मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ जो हुआ, वह गलत है। वह पीएम से मांग करती हैं कि ऐसी घटनाओं को लेकर सख्त कानून बनाया जाए। जो बेटियों के साथ ऐसा व्यवहार करे तो उसे कम से कम फांसी से सजा मिले।
उन्होंने कहा कि जैसे भगवान श्रीकृष्ण अपने समय में समस्याओं का हल निकालते थे, वैसे हम सभी सुप्रीम कोर्ट की तरफ देखते हैं। उन्हें सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद है कि वह इस मामले में कड़ा कदम उठाएंगे।
विज्ञापन
पार्टी स्तर पर निर्णय होगा कि कौन सी सीट किसे मिलेगी
विधायक नैना चौटाला ने कहा कि लोकसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन तैयारी शुरू हो चुकी है। पार्टी से जिसे टिकट मिलेगा, वह चुनाव लड़ेगा और गठबंधन रहेगा तो वह तय करेंगे कि कौन चुनाव लड़ेगा। अभी पार्टी स्तर पर निर्णय होगा कि कौन सी सीट किसे मिलेगी।
वह रविवार को नायन गांव में हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम चुनाव की तैयारी को लेकर भी है। उनकी नीतियां महिलाओं तक पहुंचाई जा रही हैं।