फोटो संख्या:66- शहर के शंकर कॉलोनी में घर के बाहर नोटिस लगाते नगर पालिका की टीम के सदस्य--संवा
महेंद्रगढ़। नगर पालिका (नपा) क्षेत्र में दुकानों और आवासीय भवनों पर करीब 35 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। बकाया प्रॉपटी टैक्स वसूली के लिए नपा प्रशासन की ओर से बकायादारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए तीन टीमों का गठन किया है जो डोर-टू-डोर जाकर बकायादारों को नोटिस दे रही हैं।
नगर पालिका की ओर से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स भरने के लिए अंतिम समय 31 जुलाई रखा गया है। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार एक लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखने वाले 165 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
वहीं, 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक बकाया रखने वाले करीब 250 लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। अब तक लगभग 10 प्रतिशत लोगों ने नगर पालिका में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा दिया है।
शहर में कुल 16 हजार आवासीय और व्यवसायिक यूनिटें हैं जिनमें मकान, दुकानें, कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। बीते कई वर्षों से नियमित रूप से हाउस टैक्स जमा न होने के कारण लोगों पर करीब 35 करोड़ रुपये का बकाया हो चुका है।
तीन टीमें घरों में जाकर दे रही नोटिस
तीनों टीमें टैक्स बकायादारों को चिह्नित कर नोटिस दे रही हैं। टीम डोर-टू-डोर जाकर नोटिस दे रही है और तुरंत भुगतान की अपील कर रही है। कई लोग नोटिस लेने से भी इन्कार कर रहे हैं। ऐसे मामलों में संबंधित मकान या प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। नपा की टीमों की तरफ से हाउस टैक्स बकाया वसूली के लिए विशेष अभियान जारी है। 50 हजार से अधिक बकायेदारों को नोटिस दिए जा रहे हैं।
वर्जन:
नगर पालिका की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें लोगों के घरों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाकर बकाया राशि जमा करने की अपील कर रही हैं। एक लाख से अधिक बकायादारों को 165 और 50 हजार से 1 लाख तक के बकायादारों को 250 लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
-रमेश सैनी, प्रधान नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:66- शहर के शंकर कॉलोनी में घर के बाहर नोटिस लगाते नगर पालिका की टीम के सदस्य--संवा