महेंद्रगढ़। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर पालिका की ओर से शुरू की गई पार्किंग योजना फिलहाल सफल होती नहीं दिख रही है। शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर दिनभर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन जाम की बड़ी समस्या बन रहे हैं जबकि इसके समाधान के लिए बनाई गई अस्थाई पार्किंग खाली पड़ी हैं।
नगर पालिका ने करीब दो महीने पहले बाजार क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के उद्देश्य से दो अस्थाई पार्किंग बनाई थीं। इनमें से एक पार्किंग पुराने किले के पास और दूसरी नगर पालिका कार्यालय के सामने बनाई गई थी लेकिन जागरूकता की कमी के कारण ये दोनों पार्किंग लगभग खाली रहती हैं।
दूसरी ओर, शहर के बालाजी चौक, सिनेमा रोड, शंकर मार्केट, सब्जी मंडी, मसानी चौक, परशुराम चौक और रेलवे रोड जैसे व्यस्त इलाकों में दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे ही खड़े किए जा रहे हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और आवागमन में बाधा आती है।
कई बार सामने से आने वाले वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका ने आंबेडकर चौक के पास बनी पार्किंग में व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो कर्मचारियों की तैनाती भी की है लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक पार्किंग का उपयोग करने के बजाय बाजार के पास ही वाहन खड़ा करना अधिक सुविधाजनक समझते हैं।
बॉक्स
बाजार में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को भी परेशानी होती है। जाम लगने से लोगों का समय खराब होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कई बार बालाजी चौक, सिनेमा रोड, रेलवे रोड पर एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
-मनीष राजपूत
केवल पार्किंग बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए नियमित निगरानी, यातायात पुलिस की सक्रियता और सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान चलाकर लोगों को पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।
-नरेंद्र मेहता
- वर्जन:
शहर में अव्यवस्थित यातायात को नियंत्रित करने के लिए दो अस्थाई पार्किंग बनाई गई थी लेकिन लोग इसका उपयोग नहीं कर रहे हैं जिसके कारण बाजार में वाहनों की व्यवस्था ज्यों की त्यों है।
-रमेश सैनी, प्रधान नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:63- लोक निर्माण विश्राम गृह मार्ग पर खड़े वाहन--संवाद
फोटो संख्या:63- लोक निर्माण विश्राम गृह मार्ग पर खड़े वाहन--संवाद
फोटो संख्या:63- लोक निर्माण विश्राम गृह मार्ग पर खड़े वाहन--संवाद